बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत जागरूकता कार्यक्रम संपन्न


रोहतास। गुरुवार को महिला एवं बाल विकास निगम, एवं जिला प्रशासन, रोहतास की ओर से संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत जागरूकता गतिविधियों के तहत धनकाढ़ा, सासाराम में किशोरी मंच की लड़कियों के साथ एमएचएम (मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन) किट वितरण एवं सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना तथा उनसे जुड़ी समस्याओं पर खुलकर संवाद करना था।


कार्यक्रम के दौरान किशोरियों के बीच 50 एमएचएम किट का वितरण किया गया। साथ ही मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित स्वच्छता सामग्री के उपयोग, नियमित साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। सखी वार्ता के माध्यम से किशोरियों को अपनी समस्याओं, शंकाओं एवं अनुभवों को साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।


इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक, मोहम्मद शमीम अंसारी के द्वारा उपस्थित किशोरियों को बताया गया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया है। इस विषय पर संकोच एवं भ्रांतियों को दूर कर सही जानकारी प्राप्त करना आवश्यक है। कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम में किशोरी मंच की लड़कियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रकार के कार्यक्रम किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें जागरूक एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 उक्त कार्यक्रम में समृद्धि संस्थान की सचिव श्रीमती तारा सिंह जिला मिशन समन्वयक, डॉक्टर फरहत दुर्रानी एवं किशोरी मंच की बालिकाएं मौजूद रहीं l

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट