पोहा की आड़ में तस्करी! यूपी से बंगाल जा रही 80 लाख की प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त, दो गिरफ्तार

मोहनियां के समेकित चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की कार्रवाई, डीसीएम ट्रक से 30,200 शीशी बरामद


ब्यूरो चीफ संदिप कुमार 



कैमूर:-- जिले के मोहनिया स्थित दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के समेकित चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 80 लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप जब्त की है। सिरप को पोहा (चूड़ा) की आड़ में डीसीएम ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा था। इस मामले में ट्रक चालक और सहचालक को गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम समेकित चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे डीसीएम ट्रक संख्या UP93ET3844 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान पोहा के बीच छिपाकर रखी गई कोडीनयुक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की करीब 30,200 शीशियां बरामद हुईं। प्रत्येक शीशी का मूल्य 268 रुपये बताया गया है।


इस आधार पर जब्त सिरप की कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी चालक प्रेमनारायण विश्वकर्मा और सहचालक गोविंद विश्वकर्मा के रूप में हुई है। समेकित चेकपोस्ट के प्रभारी उत्पाद निरीक्षक संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान ट्रक से प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। जब्त सिरप का बाजार मूल्य करीब 75 से 80 लाख रुपये है। दोनों गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। उत्पाद विभाग मामले में आगे की कार्रवाई में जुटा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट