एसएसबी ने 50 युवतियों को दिया आत्मनिर्भरता का हुनर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 17, 2026
- 1 views
सिलाई और ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण पूरा, प्रशिक्षुओं को मिला प्रमाण पत्र
नरकटियागंज। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली एसएसबी की 44वीं वाहिनी नरकटियागंज की ओर से सीमावर्ती क्षेत्र की युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाए गए सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ। राजकीय बुनियादी विद्यालय, दोमट के प्रांगण में आयोजित समारोह का उद्घाटन कमांडेंट श्री बलवंत सिंह नेगी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के तहत 25 युवतियों को 30 दिनों का सिलाई प्रशिक्षण तथा 25 युवतियों को 30 दिनों का ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण दिया गया। सिलाई प्रशिक्षण वाइब्रेंट विलेज जम्होली और ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण वाइब्रेंट विलेज कैरी की युवतियों को दिया गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी 50 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रम संस्कृति फाउंडेशन (एनजीओ) के सहयोग से संचालित किए गए।
एसएसबी की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, मधुमक्खी पालन, नशामुक्त भारत अभियान तथा सरकारी योजनाओं के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाता है।
समारोह में 44 वीं वाहिनी एसएसबी के सहायक कमांडेंट रामवीर कुमार बीडीओ ब्रह्मदेव प्रसाद, प्रखंड प्रमुख जय प्रकाश पासवान, उप प्रमुख राजेश गढ़वाल, संस्कृति फाउंडेशन की निदेशक निधि राय सहित एसएसबी के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


रिपोर्टर