दो घरों में बड़ी चोरी, 50000 नगद व लगभग 5 लाख के जेवरात लें चोर हुए फरार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 19, 2026
- 6 views
बंद घरों को चोरों नेबनाया निशाना
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:-- जिले के कुदरा नगर पंचायत क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। लालपुर पुरैनी टोला में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय दोनों परिवार अपने-अपने पैतृक घर गए हुए थे। सूना घर पाकर चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद से पूरे मोहल्ले में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग रात में घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। पीड़ित परिवारों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पहला घर: गीता देवी के घर से शादी के लिए रखे जेवरात और नकद गायब
पहली चोरी गीता देवी के घर में हुई। गीता देवी के पति का नाम रविंद्र ठाकुर है। वे मूल रूप से पोखरी, थाना करगहर, जिला रोहतास की रहने वाली हैं। वर्तमान में वह लालपुर पुरैनी टोला में अपने निजी मकान में रहती हैं। पीड़िता गीता देवी ने बताया कि घर में बच्चों की शादी के लिए 50,000 रुपये नकद और करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे। चोरों ने अलमीरा और बक्से का ताला तोड़कर सारा जेवरात और नकद उठा ले गए। इसके अलावा घर में रखे अन्य कीमती सामान भी चोर ले गए।
परिवार के अनुसार, शादी की तैयारी चल रही थी, इसलिए जेवरात और नकद घर में ही रखे गए थे। परिवार के कुछ दिन पहले अपने पैतृक घर जाने के बाद घर सूना था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। जब परिवार वापस लौटा तो घर का मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान कमरे में बिखरा पड़ा था।
गीता देवी का कहना है कि शादी के लिए सालों की मेहनत से जोड़ा गया जेवरात चोरी हो जाने से पूरा परिवार सदमे में है।
दूसरा घर: किराए के मकान में रहने वाले हनुमान पाल के घर से भी चोरी
दूसरी चोरी उसी टोले में किराए के मकान में रहने वाले हनुमान पाल के घर में हुई। हनुमान पाल मूल रूप से मोहनियां थाना क्षेत्र के डड़वास के निवासी हैं। वर्तमान में वह लालपुर पुरैनी टोला में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहते हैं।
पीड़ित के अनुसार, चोरों ने उनके घर का भी सारा सामान उठा ले गए। वे भी अपने पैतृक घर गए हुए थे, जिसके कारण घर में कोई नहीं था। वापस लौटने पर उन्हें घर का ताला टूटा और सामान बिखरा मिला।
एक ही टोले में एक के बाद एक दो घरों में हुई चोरी से साफ जाहिर हो रहा है कि चोरों ने पहले से पूरी रेकी की थी। उन्हें पता था कि दोनों घर सूने हैं।
मोहल्ले में दहशत, रात की गश्त बढ़ाने की मांग
एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी से लालपुर पुरैनी टोला के लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन इतनी बड़ी चोरी पहली बार हुई है।
मोहल्ले के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि -
रात में पुलिस की गश्ती बढ़ाई जाए • संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाए • चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया जाए • मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था की जाए
लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों का मनोबल और बढ़ेगा और आगे भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घरों का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवारों से चोरी गए सामान की विस्तृत सूची मांगी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगे की कार्रवाई जारी है।


रिपोर्टर