
सार्वजनिक गणेशोत्सव 2017 का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न,नियम कानून का पालन करते हुए आनंद से उत्सव मनाएं-- विवेक फणसालकर।
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 07, 2018
- 512 views
भिवंडी शहर।
पुलिस आयुक्तालय ठाणे शहर परिमंडल- 2 भिवंडी की ओर से आयोजित सार्वजनिक गणेशोत्सव पुरस्कार वितरण समारोह 2017 के कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए ठाणे पुलिस आयुक्त विवेक फणसालकर ने कहा कि भिवंडी में हर व्यक्ति शिक्षक जैसा है भिवंडी मिनी इंडिया है यहां हर भाषा, धर्म,जाति के लोग आपस में मिल जुल कर प्रेम के साथ रहते हैं ,और एक साथ सभी उत्सव मिलजुल कर मनाते हैं। यह अपने आप में बडी उपलब्धि है। भिवंडी ने पूरे देश और दुनिया को राष्ट्रीय एकात्मता भाईचारा व अमन शांति का संदेश दिया है।
मुझे विश्वास है कि आने वाले त्योहार भी भिवंडी के सभी धर्म जात संप्रदाय के नागरिक आपस मे मिल जुलकर के अमन शांति से मनाएंगे। सरकारी अधिकारी अपनी वचन पूर्ति के कृतसंकल्प हैं । गणेश उत्सव त्यौहार के लिए गणेश मंडलों की सुविधा हेतु एक खिड़की योजना शुरू की गई है। जिसमें सभी लोग ऑनलाइन या ऑफलाइन निवेदन कर सकते हैं। हम सब की जिम्मेदारी है कि हम निरंतर उत्तम तरीके से कार्य करें। त्यौहार को मनाते हुए यह ध्यान रखें कि दूसरे धर्म के लोगों को या अन्य किसी को तकलीफ न पहुंचे। लोगों को नियम कानून का पालन करते हुए पुलिस को सहयोग करना चाहिए। पुलिस आयुक्त ठाणे फणसालकर ने कहा कि बिना नागरिकों के सहयोग से पुलिस कार्य नहीं कर सकती । भिवंडी में गणेशोत्सव मंडल के मंडप शुल्क को लेकर इशारा करते हुए ठाणे पुलिस आयुक्त ने कहा कि मुझे विश्वास है कि मनपा गणेश मंडलों के व्यवहारिक मंडप शुल्क की मांग को अवश्य पूरा करेगी।
भिवंडी पुलिस की ओर से कामत घर स्थित वराल देवी माता मंगल कार्यालय में गणेशोत्सव 2017 के सार्वजनिक गणेशोत्सव पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्य अतिथि ठाणे शहर पुलिस आयुक्त विवेक फणसालकर,महापौर जावेद दलवी, सेना विधायक रुपेश म्हात्रे ,भाजपा विधायक महेश चौगुले, अपर पुलिस आयुक्त सत्यनारायण, मनपा आयुक्त मनोहर हिरे, भिवंडी पुलिस उपायुक्त अंकित गोयल ,मनपा उपायुक्त अशोक रणखांब , गणेशोत्सव महा मंडल अध्यक्ष मदन भोई प्रमुख रूप से मंच पर उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत भिवंडी पुलिस उपायुक्त अंकित गोयल के प्रस्तावना भाषण से हुई। गणेश महा मंडल अध्यक्ष मदन भोई ने सड़कों की दुर्दशा, गणेश मंडलों के मंडल शुल्क में बेतहाशा वृद्धि पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार की मांग की और विसर्जन पथक उपलब्ध कराने के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग रखी। महापौर जावेद दलवी ने पूर्व वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष और अच्छी व्यवस्था त्योहारों पर करने की वचनबद्धता दर्शाई। मनपा आयुक्त मनोहर हिरे ने कहा कि गणेश उत्सव के समय मनपा प्रशासन की ओर से कोई भी कमी नजर नहीं आएगी। प्रशासन पूरी तरह जागरुक है और हर प्रकार का सहयोग देने में सक्षम है। हम हर व्यवस्था को पूरा करेंगे ।सभी को साथ लेकर उत्सव अच्छे से मनाएंगे। कार्यक्रम में भिवंडी पुलिस की ओर से निरीक्षण मंडल के सदस्य प्रा सुमित्र काम्बले, कृष्ण गोपाल सिंह, जगदीश पठारे, शरद भसाले, मधुकर गायकवाड, एडवोकेट नियाज मोमिन, श्रीराम पाटिल, स्व वामिक इकराम के पुत्र को पुष्पगुछ, स्मृतिचिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सन 2017 सार्वजनिक गणेश उत्सव का विशेष पुरस्कार धामणकर नाका मित्र मंडल को दिया गया। प्रथम पुरस्कार- युवा मित्र मंडल खोड़ी गांव, द्वितीय पुरस्कार --तरुण मित्र मंडल कुंभार आली व स्व नाना मित्र मंडल, कामतघर, तृतीय पुरस्कार- बाल गोपाल मित्र मंडल नारपोली व संयुक्त क्रीडा मंडल गौरीपाडा को दिया गया। इसी प्रकार अन्य तेरह विशेष सांत्वना पुरस्कार तथा मूर्तिकार पुरस्कार, सजावट पुरस्कार, पर्यावरण पुरस्कार का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रा सुमित्र काम्बले ने किया। उक्त कार्यक्रम में भारी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी ,गणेश भक्त, गणेश मंडल के पदाधिकारी व सदस्य तथा शांतता कमेटी के महिला व पुरुष सदस्य उपस्थित थे।
रिपोर्टर