
जन्मेजय सिंह' मेजर' के निधन पर शोक सभा का हुआ आयोजन
- संदीप मिश्र, ब्यूरो चीफ जौनपुर
- Oct 02, 2022
- 383 views
सुईथाकला ।। सेवानिवृत्त अध्यापक जन्मेजय सिंह 'मेजर' के निधन पर शनिवार को श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान समोधपुर शाखा पर उपाध्यक्ष एवं गांधी स्मारक विद्यालय संकुल के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह 'रानू' की अध्यक्षता में एक शोक सभा आयोजित हुई।भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि उनके निधन की खबर सुनकर अत्यंत स्तब्ध हूं, मुख से शब्द नहीं निकल रहे हैं ,मन व्यथित है।उन्होंने उन्हें क्षेत्र का बहुमूल्य हीरा बताया।प्रबंधक ने स्वर्गीय सिंह को हमेशा उत्साहवर्धन करने वाला,निराशा में भी ऊर्जा का संचार करने वाला, सकारात्मकता से परिपूर्ण तथा नकारात्मकता से परे महान व्यक्तित्व बताया।उन्होंने कहा कि वह हर किसी के लिए प्रेरणा स्रोत थे और हैं भी तथा यहां तक कि उनसे जो भी मिलता था उनका हो जाता था। उन्होंने उनका निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज समोधपुर के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ रणजीत सिंह ने कहा कि मेजर सिंह का जाना पूरे क्षेत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है वह हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति एवं कुशल शिक्षक थे। वह 'सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय' वाले व्यक्ति थे। पूर्व प्रधानाचार्य ने उन्हें बेबाक और बेदाग छवि वाला व्यक्ति बताया जो सबके सुख- दुख में हमेशा शामिल रहते थे। प्रधानाचार्य विनोद सिंह ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए एक व्यवहार कुशल और सरल हृदय का व्यक्ति बताया जिनसे कोई भी व्यक्ति मिल सकता था और सबको सम्मान देते थे।मौके पर पद्मभूषण सिंह ,रविंद्र कुमार उपाध्याय ,जितेंद्र बहादुर सिंह (बबलू ),जय प्रकाश सिंह, दुर्गा प्रसाद सिंह, ज्वाला प्रसाद प्रजापति( जाले) ,संतोष कुमार ( पुजारी )आदि मौजूद रहे ।
रिपोर्टर