
नहीं रहे लोकतंत्र सेनानी डॉ देवी प्रसाद पाण्डेय
- संदीप मिश्र, ब्यूरो चीफ जौनपुर
- Feb 07, 2023
- 961 views
बी एच यू में चल रहा था इलाज, फेफड़े में संक्रमण से थे पीड़ित
कादीपुर से चंद्रप्रकाश पांडेय की रिपोर्ट
जौनपुर सुल्तानपुर।। जनपद जौनपुर की सीमा से सटे सुल्तानपुर जनपद के कादीपुर तहसील के करौंदी कला थाना क्षेत्र के अन्तर्गत स्थित केकरचौर ग्राम में जन्मे डॉ देवी प्रसाद पाण्डेय का जीवन आर्थिक संकटों से भले ही गुजरता रहा हो किन्तु ऐसी विषम परिस्थिति में भी समाज सेवा के जुनून ने उन्हें लोकतंत्र सेनानी बना दिया।
सन् 1975 में तत्कालीन सरकार द्वारा लगाई गई इमरजेंसी के विरोध में आवाज उठाने वाले लोकनायक जय प्रकाश नारायण के सहयोग में खड़े होकर पांडेय जी ने जेल जाना स्वीकार किया किन्तु सरकार के गलत निर्णय के सामने झुकना स्वीकार नहीं किया। बाद में जनता पार्टी की सरकार बनी जिसमें उन सभी राष्ट्र भक्त कार्यकर्ताओं को “लोकतंत्र सेनानी” की उपाधि से सम्मानित किया गया।
जीवन के अंतिम समय में फेफड़े में संक्रमण के कारण इलाज हेतु उन्हें बी एच यू , वाराणसी में 30 जनवरी 2023 को भर्ती किया गया किन्तु 07 फ़रवरी 2023 को सुबह उन्होंने जीवन लीला से स्वयं को मुक्त कर लिया। इसके पश्चात उनके पार्थिव शरीर को उनके गांव केकरचौर लाया गया जहां इस घटना को सुनकर उनके अंतिम दर्शन को क्षेत्र के हजारों लोगों का तांता लग गया। कादीपुर तहसील के नायब तहसीलदार अनिल कुमार श्रीवास्तव , करौंदी कला थाना एस एच ओ मो.अकरम खान, हेड कांस्टेबिल संजीव कुमार, कांस्टेबल आकाश यादव, बलराम भदौरिया, नरेंद्र कुमार तथा लोकतंत्र सेनानी कल्याण परिषद महामंत्री आर पी सिंह, और एस बी सिंह ,अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी कल्याण समिति, व भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष खुटहन डॉ अमरनाथ मिश्र द्वारा उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हेतु विदा किया गया। विदाई से पूर्व वहां उपस्थित सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। यह दृश्य देखकर क्षेत्रवासियों के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे।
लोकतंत्र सेनानी पांडेय जी के निधन से पत्नी सावित्री देवी व उनके सात पुत्र भानु प्रकाश, भानु प्रताप, ओम प्रकाश, शिव प्रकाश,चंद्रप्रकाश, कृष्ण प्रताप , विनय कुमार तथा अन्य सगे संबंधी अत्यन्त दुःखी हैं।
रिपोर्टर