कैमूर डीएम और एसपी ने किया अधौरा प्रखंड में जन संवाद कार्यक्रम

कैमूर।। जिले के डीएम और एसपी ने सुदूर उच्चवर्ती अधौरा प्रखंड में जन संवाद कार्यक्रम किया और लोगों की समस्याएं सुनी।विदित है कि प्रत्येक शनिवार को प्रत्येक थाना में जनता दरबार होता है जिसमें बड़ी संख्या में राजस्व के मामले भी आते हैं।इसी के संदर्भ में आज जिले के डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया तथा कई लोगों के समस्याओं का तुरंत ही निष्पादन किया गया।कई मामलों में उन्होंने अंचल अधिकारी तथा भूमि सुधार उप समाहर्ता को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।उन्होंने प्रत्येक शनिवारीय थाना समाधान कार्यक्रम में कितने मामलों का समाधान किया गया तथा कितने मामले अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अग्रेषित किया गया आदि से संबंधित सभी सूचनाओं को ससमय भू समाधान पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने का निर्देश भी दिया।


इस अवसर पर  जिला पदाधिकारी ने बताया कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जिले की पूरी प्रशासनिक मशीनरी प्रखंड स्तर पर लोगों के शिकायतों को सुनकर उसका त्वरित समाधान करने का प्रयास कर रही है। जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि आम जनता का के सभी प्रकार के समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर किया जाए ताकि उन्हें कोई परेशानी ना हो। इसी के तहत जिले के सभी प्रखंडों में उपसमाहर्ता स्तर के पदाधिकारी को वरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है जो प्रखंड स्तरीय योजनाओं का अनुश्रवण एवं कार्यान्वयन सुनिश्चित करवाएंगे।


मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छोटे मोटे भूमि विवाद के कारण भी कई बार विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो जाती है।इसी परिपेक्ष्य में भूमि विवाद को उत्पन्न होने से पूर्व ही स्थानीय स्तर पर ही उसका विधिक समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।


इस अवसर पर भूमि सुधार उप समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,प्रखंड के वरीय नोडल पदाधिकारी तथा पुलिस के भी तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट