मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का चुनावी प्रचार सभा कल भिवंडी से शुभारंभ

भिवंडी। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कल भिवंडी के कामतघर स्थित मनोज काटेकर मैदान से शाम 5 बजे अपनी पहली चुनावी प्रचार सभा की शुरुआत करेंगे। यह सभा महायुति गठबंधन के लिए भिवंडी पूर्व,पश्चिम,और ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी अभियान का अहम आगाज मानी जा रही है। शिवसेना (शिंदे गुट) के उपनेता प्रकाश पाटिल ने बताया कि मुख्यमंत्री शिंदे ने भिवंडी के विकास के लिए तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की निधि प्रदान की है। “हमने भिवंडी में कई विकास परियोजनाओं को अंजाम दिया है और मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई लाड़ली बहना और युवा कौशल रोजगार योजनाओं का लाभ लोगों तक सीधा पहुंच रहा है। हमारी सरकार ने पिछले ढाई साल में शहर को संवारने की कोशिश की हैं,” पाटिल ने कहा।

पत्रकार परिषद में महायुति शिवसेना के उम्मीदवार संतोष शेट्टी ने अपने खिलाफ लगे डांस बार के आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा, “मैं 30 वर्षों से महानगर पालिका में काम कर रहा हूं और ईमानदारी से नागरिकों की सेवाएं दी है मैंने युवाओं के रोजगार का प्रयास किया है, और जनता मेरे साथ खड़ी है। मेरे कार्यों को देखकर जनता का समर्थन मिल रहा है।” शहर में विभिन्न विकास कार्यों का वादा करते हुए, शेट्टी ने कहा कि आईजीएम अस्पताल को सुधारने के साथ वराला तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्लम इलाकों के पुनर्विकास और पालिका स्कूलों के आधुनिकीकरण की योजनाएं तैयार हैं। पावरलूम उद्योग जो भिवंडी की पहचान है, के लिए भी विशेष योजनाओं पर काम होगा। प्रचार सभा में महायुति के कई प्रमुख नेता शामिल रहेंगे और लाड़की बहनों सहित बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री शिंदे, जो दिन-रात काम करने के लिए जाने जाते हैं, अपने जोशीले भाषण और विकास कार्यों के वादों से जनता को संबोधित करेंगे। सभा से पहले शहर में उत्साह का माहौल है, और महायुति के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट