
भिवंडी में महायुति को राजस्थानी समाज का समर्थन
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 16, 2024
- 360 views
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने साधा कांग्रेस पर निशाना
भिवंडी। भिवंडी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महायुति के उम्मीदवारों के समर्थन में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अंजूरफाटा स्थित टर्फ खेल मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया। राजस्थानी प्रवासी स्नेह सम्मेलन के रूप में आयोजित इस सभा में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे मुख्यमंत्री उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, "जहां न जाए रेलगाड़ी, वहां जाए बैलगाड़ी, और जहां बैलगाड़ी भी न जाए, वहां पहुंचे मारवाड़ी। राजस्थानी समाज जहां रहता है, वहां जीत सुनिश्चित होती है।" उन्होंने भिवंडी पश्चिम से महायुति के उम्मीदवार महेश चौगुले और भिवंडी पूर्व से संतोष शेट्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।
भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस देश में भ्रष्टाचार की जननी है और उसके सहयोगी भ्रष्टाचार के पर्याय बन चुके हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि जिस प्रकार राजस्थान में महायुति को पूर्ण बहुमत दिया गया, उसी तरह महाराष्ट्र में भी स्थिर और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार के लिए महायुति के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट हर्षल पाटिल, गुजरात के पूर्व मंत्री वासन भाई अहिर, पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल, सज्जन राजपुरोहित, पूर्व नगरसेवक निलेश चौधरी, पश्चिम विधानसभा चुनाव प्रमुख श्याम अग्रवाल, राकांपा जिलाध्यक्ष प्रवीण पाटिल, पी.डी यादव और अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे। महिला नेताओं में ममता परमाणी, रेखा पाटिल और सुनीता टावरे ने भी अपने विचार रखे। महेश चौगुले और संतोष शेट्टी ने जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे। दोनों उम्मीदवारों ने भरोसा दिलाया कि महायुति की सरकार बनने पर भिवंडी को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जाएगा। भिवंडी में राजस्थानी समाज की इस मजबूत उपस्थिति ने महायुति के चुनाव अभियान को नई ऊर्जा दी है। आने वाले चुनाव में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह समर्थन किस तरह चुनावी परिणामों को प्रभावित करता है।
रिपोर्टर