
प्लास्टिक और नायलॉन माझा पर पालिका का कड़ा प्रहार, दुकानदारों में मचा हड़कंप
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 11, 2025
- 464 views
भिवंडी। भिवंडी निज़ामपुर महानगर पालिका ने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबंधित प्लास्टिक और नायलॉन माझा की बिक्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पालिका आयुक्त अजय वैद्य को लगातार इन प्रतिबंधित सामग्रियों की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उन्होंने पर्यावरण विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। आयुक्त के निर्देश पर पर्यावरण विभाग के नियंत्रण अधिकारी सुदाम जाधव के नेतृत्व में विभाग प्रमुख अनिल आव्हाड, संजय केणे और उनकी टीम ने शहर के कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस अभियान में 500 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक और नायलॉन माझा समेत अन्य सामग्रियां जब्त की गईं। इसके साथ ही, संबंधित प्रतिष्ठानों से कुल 35,000 का जुर्माना वसूला गया।
पालिका की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, छापेमारी में संतोषी पर्ल बिड्स टेमघर,नवकार पेपरअंजूर फाटा, लिबर्टी होटल और आम्रपाली बार एंड रेस्टोरेंट कल्याण नाका, आशापुरा किराणा स्टोर भादवड, बेलकम होटल भिवंडी, विलास वाइन्स, धामणकर नाका आदि स्थानों पर कुल 500 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त कर प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई।
नायलॉन माझा, जिसे ‘चीनी मांजा’ के नाम से भी जाना जाता है, पक्षियों और इंसानों के लिए घातक साबित हो सकता है। इसको देखते हुए, पर्यावरण विभाग ने विशेष अभियान चलाकर नायलॉन माझा बेचने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसा। विभाग ने एक प्रतिष्ठान से बड़ी मात्रा में पतंग और नायलॉन माझा जब्त किया है। पालिका ने सभी सहायक आयुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नायलॉन माझा की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाएं और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें। पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक और नायलॉन माझा का उपयोग न करें। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए इन खतरनाक सामग्रियों से बचना आवश्यक है। पर्यावरण विभाग के अधिकारी सुदाम जाधव ने कहा, "हमारी टीम लगातार ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है, जो प्रतिबंधित सामग्रियों की बिक्री में लिप्त हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी नागरिकों को जागरूक होना चाहिए।" पालिका की इस कार्रवाई से शहर के दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। पालिका ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। जो भी प्रतिबंधित प्लास्टिक या नायलॉन माझा बेचते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।भिवंडी महानगर पालिका का यह कदम पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। यह न केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद करेगा बल्कि नागरिकों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक करेगा।
रिपोर्टर