
दो मोटरसाइकिल चोर गिरफ्तार, पांच वाहन बरामद
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 13, 2025
- 328 views
भिवंडी। भिवंडी शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए निजामपुरा पुलिस ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनसे चार मोटरसाइकिल और एक ऑटो रिक्शा सहित कुल पांच वाहन बरामद किए गए हैं। यह जानकारी निजामपुरा पुलिस थाने के निरीक्षक संजय जाधव ने सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान फैजान रमजान अंसारी (19) और समीर जमशेद अंसारी (20) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी निजामपुरा इलाके के निवासी हैं।
शहर में वाहन चोरी की घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी के चलते 9 जनवरी को निजामपुरा पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान फैजान और समीर को संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखा गया। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो वे सही जवाब देने में असफल रहे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चार मोटरसाइकिल और एक ऑटो रिक्शा चोरी करने की बात कबूल की। इस कार्रवाई को पुलिस निरीक्षक संजय जाधव और गजानन जोगदंड के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। टीम में सहायक पुलिस निरीक्षक विनोद चव्हाण, पुलिस उपनिरीक्षक दत्तात्रेय बडगिरे, राजेंद्र आल्हाट, हवलदार मारुति भारती, पुलिस नाइक प्रवीण सोनवणे, विकास सोनवणे और पुलिस सिपाही रुपेश साबले, ज्ञानेश्वर कोली, शनीप्रसाद मुंडे और अनिल सापते शामिल थे। पुलिस की इस सफलता से शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। वहीं, स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
रिपोर्टर