अनियमित जलापूर्ति को लेकर महिलाओं का हंगामा

पालिका मुख्यालय के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन

भिवंडी।  भिवंडी शहर में अनियमित जलापूर्ति से परेशान महिलाओं ने गुरुवार सुबह पालिका मुख्यालय के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मुस्लिम बहुल इस शहर में इस समय रमजान का महीना चल रहा है, लेकिन शांति नगर और न्यू आज़ाद नगर झोपड़पट्टी इलाकों में गंभीर जलसंकट के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि उनके इलाके में पानी कम दबाव में छोड़ा जाता है, और वह भी चार दिनों में सिर्फ एक बार। इस वजह से हजारों परिवारों को पानी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। रमजान के दौरान रोज़ेदारों को सुबह जल्दी उठकर सभी जरूरी काम पूरे करने होते हैं, लेकिन पानी की अनुपलब्धता के कारण उनकी दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है। महिलाओं ने पालिका प्रशासन और जलापूर्ति विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय वाल्व ऑपरेटर जानबूझकर पानी कम दबाव में और कम समय के लिए छोड़ता है। इससे लोगों को आवश्यक मात्रा में पानी जमा करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पालिका मुख्यालय में सुरक्षा रक्षकों की मौजूदगी में पांच महिलाओं के एक शिष्टमंडल को जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों से मुलाकात के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने उनकी शिकायतें सुनीं और जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन को स्थगित कर दिया। स्थानीय नागरिकों ने पालिका प्रशासन से मांग की है कि पानी की आपूर्ति को नियमित किया जाए और रमजान के दौरान इस समस्या पर विशेष ध्यान दिया जाए। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं निकाला गया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक किया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट