पर्यावरण-अनुकूल होली व रंगपंचमी मनाने की अपील

भिवंडी-निजामपुर मनपा का नागरिकों से सहयोग का आह्वान

भिवंडी।  होली और रंगपंचमी का रंगारंग त्योहार नजदीक आते ही शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। लेकिन इस उत्सव को हर्षोल्लास से मनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस वर्ष होली और रंगपंचमी को पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाएं।

महानगरपालिका के आयुक्त एवं प्रशासक अनमोल सागर (भा.प्र.से.) ने कहा कि त्योहारों की खुशियों में पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे, इस पर सभी को ध्यान देना चाहिए। माननीय उच्च न्यायालय की जनहित याचिका (क्र. 155/2011) के निर्देशानुसार, नागरिकों को पारंपरिक उत्सव मनाने के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए महानगरपालिका प्रशासन ने इस दिशा में विशेष अभियान शुरू किया है, जिसके तहत जल संरक्षण, वृक्ष संवर्धन और प्रदूषण मुक्त वातावरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अभियान के तहत नागरिकों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली के दौरान रासायनिक रंगों के उपयोग से बचें और प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करें। त्वचा और पर्यावरण के लिए हानिकारक रंग न केवल प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक होते हैं। होली खेलने के दौरान जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। अनावश्यक रूप से पानी बर्बाद करने से बचें और कम पानी में होली खेलने की आदत डालें। साथ ही, त्योहार मनाते समय सार्वजनिक संपत्ति और अन्य नागरिकों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। चलती गाड़ियों पर रंग या पानी भरे गुब्बारे न फेंकें, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके। होलिका दहन के दौरान भी पर्यावरण की रक्षा के लिए सतर्क रहना जरूरी है। अनावश्यक लकड़ी जलाने से वृक्षों की कटाई को बढ़ावा मिलता है, जिससे प्रदूषण में वृद्धि होती है। नागरिकों को चाहिए कि वे पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं और ईंधन की बर्बादी को रोकने के लिए छोटे स्तर पर होलिका दहन करें। आयुक्त अनमोल सागर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हमारी परंपरा और संस्कृति का सम्मान करते हुए, हमें प्रकृति की सुरक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में हमें स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी और हरित पर्यावरण का संरक्षण करना होगा। इस वर्ष हम सब मिलकर होली और रंगपंचमी को पर्यावरण-स्नेही बनाने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाएं। महानगरपालिका ने शहरवासियों से इस पहल में सहयोग करने की अपील की है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट