
छत्रपति संभाजी महाराज जयंती पर भिवंडी महानगरपालिका ने किया पुष्पांजलि कार्यक्रम
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- May 14, 2025
- 124 views
भिवंडी। छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका की ओर से मंगलवार, 14 मई को श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शासन परिपत्रक व प्रशासक तथा आयुक्त अनमोल सागर (भा.प्र.से) के निर्देशानुसार यह आयोजन महानगरपालिका मुख्यालय के भूतल पर सम्पन्न हुआ.कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त देविदास पवार ने छत्रपति संभाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने संभाजी महाराज के जीवन और कार्यों को याद करते हुए कहा कि वे न केवल छत्रपति शिवाजी महाराज के वीर पुत्र थे, बल्कि एक पराक्रमी योद्धा, कुशल प्रशासक और विद्वान लेखक भी थे।
गौरतलब है कि छत्रपति संभाजी महाराज का जन्म 14 मई 1657 को पुरंदर किले पर हुआ था। उन्होंने 1681 से 1689 तक मराठा साम्राज्य की बागडोर संभाली और औरंगज़ेब जैसे मुग़ल शासक के विरुद्ध वीरता से संघर्ष किया। वे मराठा इतिहास के गौरवशाली अध्याय का प्रतीक माने जाते हैं।कार्यक्रम में उप आयुक्त (मुख्यालय) विक्रम दराडे, उप आयुक्त (कर) बालकृष्ण क्षीरसागर, मुख्य लेखा व वित्त अधिकारी रामप्रसाद सोलुंके, सहायक आयुक्त नितिन पाटिल, विभाग प्रमुख मिलिंद पळसुले, प्रशांत संखे, अनिल आव्हाड, स्नेहल पुण्यार्थी समेत अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, गौरव और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा।
रिपोर्टर