महिला के गले से चैन झपटी, दो घरों में सेंधमारी

भिवंडी। शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। बीते दो दिनों में भिवंडी के विभिन्न इलाकों में छिनौती और चोरी की तीन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन वारदातों में महिलाओं से सोने के गहने झपटे गए और दो घरों में सेंध लगाकर लाखों की आभूषण चुरा ली गई। पुलिस ने तीनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना रविवार रात नारपोली पुलिस थाना क्षेत्र के कामतघर रोड स्थित कल्पतरु गार्डन सोसाइटी के पास हुई।भारती अशोक शाह नामक महिला अपने घर लौट रही थीं, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लुटेरे उनके गले से लगभग 2.82 लाख कीमत का सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। कुछ ही दूरी पर नवकार रेसिडेंसी में अनिता लिलाधर गोसरानी नामक महिला के साथ भी इसी प्रकार की छिनौती हुई। नारपोली पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309 के तहत मामला दर्ज किया है।दूसरी घटना भिवंडी शहर पुलिस थाना क्षेत्र की है। रविवार शाम विराज अपार्टमेंट के एक बंद फ्लैट को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने ताला तोड़ा और घर के भीतर से करीब 3.60 लाख मूल्य के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित स्वली रमेश गुडीमल्ला की शिकायत पर पुलिस ने धारा 331(3) और 305(अ) के तहत केस दर्ज किया है। तीसरी घटना सोमवार तड़के शांतिनगर थाना क्षेत्र के न्यू आज़ाद नगर में हुई, जहां करण अर्जुन गुप्ता के घर में चोरों ने सेंध लगाई। आरोपी घर से 27,000 मूल्य के आभूषण और मोबाइल लेकर चंपत हो गए। शांतिनगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 305(ब) के तहत मामला दर्ज किया है। इन घटनाओं ने एक बार फिर से भिवंडी में नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट