शांतिनगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता शातिर चोर गिरफ्तार – पांच बड़ी चोरियों का खुलासा
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 03, 2025
- 258 views
भिवंडी। शहर में लगातार बढ़ती चोरी की वारदातों के बीच शांतिनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर भिवंडी क्षेत्र में हुई पांच चोरियों का खुलासा किया है। आरोपी की पहचान इरफान गफूर शेख (24) के रूप में हुई है, जो शांतिनगर के पीली स्कूल के पीछे का निवासी है। शांतिनगर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़ ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराडे (परिमंडल-2, भिवंडी) और सहायक पुलिस आयुक्त सचिन सांगले के मार्गदर्शन में की गई। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में भिवंडी के विभिन्न इलाकों में कुल पांच चोरियों को अंजाम देने की बात कबूली है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के पांच लैपटॉप बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। इन चोरियों में मुख्य रूप से मोबाइल फोन, लैपटॉप, नकदी और अन्य कीमती सामान शामिल थे। पुलिस उपायुक्त बोराडे ने हाल ही में भिवंडी शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सभी पुलिस थानों को विशेष सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए थे। इसी दिशा में कार्रवाई करते हुए शांतिनगर पुलिस थाने में दर्ज केस नंबर 771/2025 के तहत घटनास्थल और कचेरी रोड पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर गुप्त सूचना के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने शांतिनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज चार और निजामपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं तथा आरोपी से पूछताछ जारी है।


रिपोर्टर