
धामणकर नाका मित्र मंडल के 37 वें गणेशोत्सव का भूमिपूजन संपन्न
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 06, 2025
- 119 views
वृंदावन चंद्रोदय की प्रतिकृति बनेगी इस वर्ष गणेशोत्सव का मुख्य आकर्षण
भिवंडी। भिवंडी शहर में "एकता का राजा" के नाम से प्रसिद्ध धामणकर नाका मित्र मंडल द्वारा आयोजित 37 वें सार्वजनिक गणेशोत्सव समारोह का शुभारंभ रविवार को विधिवत रूप से हुआ। मंडल अध्यक्ष संतोष शेट्टी और सौ.शशिलता शेट्टी के शुभहस्तों से गणेशोत्सव की सजावट कार्य का भूमिपूजन संपन्न किया गया। इस अवसर पर शहर के गणमान्य अतिथियों में भाजपा शहराध्यक्ष रवि सावंत, शिवसेना जिला प्रमुख सुभाष माने, भाजपा के पूर्व शहराध्यक्ष अॅड. हर्षल पाटील, शिवसेना पश्चिम शहर प्रमुख शाम पाटील, पूर्व शहर प्रमुख संजय काबुकर तथा भिवंडी इस्कॉन मंदिर के श्री सुदाम दास अपने भक्तमंडल के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस वर्ष मंडल की ओर से उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित वृंदावन चंद्रोदय इस्कॉन मंदिर की प्रतिकृति के रूप में 150 फीट ऊंची भव्य सजावट तैयार की जाएगी, जो गणेशभक्तों और शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। इस देखावे का अनावरण इस्कॉन भिवंडी के श्री सुदाम दास के करकमलों से संपन्न हुआ।
गौरतलब है कि मंडल द्वारा 37वें वर्ष के उपलक्ष्य में 37 नारियल फोड़कर भूमिपूजन की विशेष परंपरा निभाई गई। मंडल पिछले कई वर्षों से पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव को बढ़ावा देता आया है। इस वर्ष भी मंडल द्वारा 10 फीट ऊंची पर्यावरण-संवेदनशील मिट्टी की गणेश मूर्ति की स्थापना की जाएगी, जिसकी जानकारी मंडल के संस्थापक अध्यक्ष संतोष एम. शेट्टी ने दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडल के मोहन बल्लेवार, हसमुख पटेल, संजय शाह, दिलीप पोद्दार, राजेश शेट्टी, तारु जाधव, संतोष जंपाल, रमेश पुजारी, अनिल शेट्टी, प्रशांत पुजारी, दीपक झा और ईश्वर पामु ने अहम भूमिका निभाई। शहर में गणेशोत्सव की तैयारियां अब जोर पकड़ने लगी हैं और श्रद्धालुओं में इस भव्य देखावे को देखने की उत्सुकता साफ़ झलक रही है।
रिपोर्टर