
बाजार पेठ में खतरनाक इमारत पर चली पालिका की जेसीबी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 08, 2025
- 215 views
ध्वस्तीकरण कार्रवाई से मचा हड़कंप
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगर पालिका द्वारा खतरनाक और जर्जर इमारतों पर कार्रवाई की मुहिम तेज कर दी गई है। इसी क्रम में प्रभाग समिति क्रमांक 5 के अंतर्गत आनेवाले सुतार अली बाजार पेठ इलाके में स्थित एक अतिधोकादायक मकान को मंगलवार को जेसीबी मशीन की मदद से धराशायी कर दिया गया। पालिका के अनुसार, ध्वस्त किया गया घर नंबर 1 काफी पुराना और जर्जर स्थिति में था। लकड़ी और ईंटों से बना यह मकान एक मंजिल का कच्चा कौलारू (छप्पर) युक्त निर्माण था,जिसे पूरी तरह खतरनाक घोषित किया गया था। पालिका प्रशासन ने स्थानीय पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई को अंजाम दिया। अतिक्रमण पथक टीम ने जेसीबी की मदद से इस जर्जर मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त बालाराम जाधव के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें नियंत्रण अधिकारी अरविंद घुगरे और बीट निरीक्षक हनुमान म्हात्रे ने भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में इस तरह की खतरनाक इमारतों को लेकर भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय रहते प्रशासन को खतरनाक मकानों की जानकारी दें, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
रिपोर्टर