भिवंडी में खदान में डूबने से युवक की मौत
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 20, 2025
- 231 views
पिकनिक मनाने गए छह दोस्तों में से एक की गई जान
प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल, नागरिकों में आक्रोश
भिवंडी। भिवंडी के लामाज ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक पत्थर की खदान में नहाने के दौरान 22 वर्षीय युवक की डूबकर मौत हो गई। मृतक युवक अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के छह युवक लामाज गांव के पास स्थित एक परित्यक्त पत्थर की खदान में पिकनिक मनाने और तैरने गए थे। बारिश के कारण खदान में पानी भर चुका था और वह तालाब जैसा दिख रहा था। जब युवक पानी में नहाने के लिए उतरे, तो गहराई का सही अंदाजा न लग पाने के कारण शफीक नाम का युवक डूबने लगा। उसके एक साथी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहा।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। करीब छह घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद रात लगभग 12 बजे शफीक का शव पानी से बाहर निकाला गया। भिवंडी तालुका पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि भिवंडी और उसके आस-पास के क्षेत्रों में दर्जनों परित्यक्त पत्थर खदानें हैं। पत्थर निकालने के बाद बने गड्ढों में बरसात के दौरान पानी भर जाता है, जिससे वे कृत्रिम तालाब बन जाते हैं। सुरक्षा उपायों की भारी कमी के कारण इन स्थानों पर हर वर्ष डूबने की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन अब तक ठोस कदम उठाने में नाकाम रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन खतरनाक स्थलों के आसपास कोई चेतावनी बोर्ड, बैरिकेड्स या सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं किए गए हैं। प्रशासन की यह लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है और जनता में इसके खिलाफ गहरा आक्रोश है।


रिपोर्टर