
भिवंडी में अपहरण की दो वारदात, लोगों में खौफ
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 25, 2025
- 60 views
एक ही दिन में नाबालिग लड़की और किशोर लापता, पुलिस ने दर्ज किए मामले
भिवंडी। भिवंडी शहर में अपहरण की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला इतना सनसनीखेज है कि एक ही दिन में दो अलग-अलग इलाकों से नाबालिग बच्चों के अपहरण की वारदात सामने आई। इन घटनाओं ने शहरवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में अपहरण का गुन्हा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली वारदात कोनगांव पुलिस थाना सीमा क्षेत्र के एक पॉश इलाके में घटी। यहां 16.7 वर्षीय नाबालिग लड़की को नेहरू नगर निवासी मुर्तजा राजे साहेब पीर जादे ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल कोनगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लड़की की तलाश तेज कर दी है।
दूसरी वारदात भोईवाडा पुलिस थाना क्षेत्र के अजमी नगर, हंडी कंपाउंड इलाके से सामने आई। यहां रहने वाली 36 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि 20 अगस्त की रात खाना खाने के बाद वह सो गई थी। इस दौरान उसका नाबालिग बेटा मोहम्मद अनस भी सो रहा था। रात करीब 11 बजे अचानक बेटा बिस्तर से गायब हो गया। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। मजबूरन परिजनों ने पुलिस की शरण ली। भोईवाडा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही अपहरण की घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। फिलहाल दोनों थाने की पुलिस टीमें बच्चों की तलाश में जुटी हुई हैं।
रिपोर्टर