दिन दहाड़े 9 लाख की चोरी, जूना गौरीपाड़ा सहमा
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 04, 2025
- 149 views
भिवंडी। शहर के जूना गौरीपाड़ा इलाके में दिनदहाड़े हुई एक बड़ी चोरी ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। तीन सितंबर को उस्मान रेसिडेंसी की सातवीं मंज़िल पर रहने वाली अफिफा बानो अब्दुल्ला शेख (30) के घर का ताला अज्ञात चोरों ने तोड़ डाला और नकदी व गहनों समेत 9 लाख 5 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस के अनुसार वारदात सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच हुई, जब घर पर कोई मौजूद नहीं था। चोरों ने अलमारी को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ली। घर लौटने पर अफिफा बानो ने टूटा ताला देखा तो उनके होश उड़ गए और तुरंत भोईवाड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।भोईवाड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और सुराग जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।इस वारदात ने स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक शिवाजी पाटिल कर रहे है।


रिपोर्टर