भिवंडी में मनपा स्तरीय शालेय बुद्धिबल प्रतियोगिता का शुभारंभ

भिवंडी। राज्य शासन के क्रीड़ा व युवा सेवा संचालनालय, महाराष्ट्र राज्य, पुणे के मार्गदर्शन में तथा भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका की ओर से आयोजित जिलास्तरीय शालेय बुद्धिबल प्रतियोगिता का शुभारंभ आज स्व. राजय्या गाजेंगी सभागृह में किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मनपा प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर के हाथों हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आयुक्त सागर ने कहा कि “हर खेल एकाग्रता और अनुशासन की मांग करता है। बुद्धिबल केवल मस्तिष्क का खेल नहीं, बल्कि शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी उतना ही आवश्यक है। हार-जीत खेल का स्वाभाविक हिस्सा है, किंतु वास्तविक महत्व भागीदारी का है।” कार्यक्रम में मनपा क्रीड़ा विभाग के उपायुक्त विक्रम दराड़े, शिक्षा विभाग के उपायुक्त बालकृष्ण क्षीरसागर, क्रीड़ा विभाग प्रमुख मिलिंद पलसुले, क्रीड़ा अधिकारी शरद कलावंत तथा ठाणे जिला बुद्धिबल संघ के पदाधिकारी मोहित लाडे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में मनपा क्षेत्र की 40 शालाओं के लगभग 550 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसी क्रम में उपायुक्त (क्रीड़ा) विक्रम दराड़े ने 2025-26 की शालेय क्रीड़ा स्पर्धाओं में सभी शालाओं से सक्रिय सहभागिता का आवाहन किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट