कोनगांव में महिला पर जानलेवा हमला, दो आरोपियों पर केस दर्ज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 12, 2025
- 151 views
भिवंडी। भिवंडी तालुका के कोनगांव क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला पर उसके पड़ोसियों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय पीड़िता कोनगांव स्थित एक सोसाइटी में रहती हैं। मंगलवार की शाम करीब 4 बजे जब वह अपने घर पर थीं, तभी उसी सोसाइटी में रहने वाला युवक आकाश लोहार (20) और उसका एक अज्ञात साथी वहां पहुंचे। दोनों ने महिला से किसी पुराने विवाद को लेकर झगड़ा किया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। बताया गया कि आरोपियों ने लकड़ी की बट और लोहे की रॉड से महिला पर हमला किया, जिससे उनके दाहिने हाथ, पेट और सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपी आकाश लोहार और उसके साथी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 118(1), 324(4) और 3523(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक दिलीप ढुमने कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।


रिपोर्टर