पांच संदिग्ध और दो तड़ीपार समेत सात गिरफ्तार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 14, 2025
- 29 views
सुरक्षा कड़ी, शहर में बढ़ी गश्त; चुनाव से पहले अपराधियों में हड़कंप
भिवंडी। आगामी चुनावों और शहर में बढ़ते आपराधिक घटनाक्रमों पर रोक लगाने के लिए भिवंडी पुलिस ने गुरूवार देर रात बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न इलाकों से पांच संदिग्ध युवकों और न्यायालय द्वारा निष्काषित किए गए दो तड़ीपार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान शहर के निजामपुर, भोईवाडा और नारपोली पुलिस स्टेशन की सीमा क्षेत्र में स्थानीय पुलिस द्वारा किया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, देर रात की तलाशी और गश्त के दौरान अंधेरे में संदिग्ध रूप से घूम रहे जिन आरोपियों को पकड़ा गया है, उनमें अरबाज मुक्तार अंसारी (चैलेंज ग्राउंड), मोहम्मद कलामूद्दीन मंसूरी (रोशन बाग), मोहम्मद गुलजार अंसारी (गौरीपाडा), मोहम्मद रफिक पठान (अंजूरफाटा) और सूरज गणेश कामत (रहनाल गांव) शामिल हैं। इनसे मोबाइल फोन, नकदी और कुछ संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि सभी से गहन पूछताछ जारी है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने दो तड़ीपार आरोपियों—रमजान अहमद अंसारी (दिवानशाह दरगाह) और सोहेल सनाउल्ला शेख (चव्हाण कॉलोनी)—को भी धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया। ये दोनों न्यायालय द्वारा निर्धारित सीमा का उल्लंघन कर शहर में घूमते पाए गए। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी मारपीट, जबरन वसूली और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी से शहर में आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। अभियान के दौरान कई संदिग्ध वाहनों की भी तलाशी ली गई और शहर के मुख्य चौक, आवासीय बस्तियों तथा औद्योगिक क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि आगामी मनपा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में चोरी, लूट और मारपीट जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी के बीच यह अभियान शहर में सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाने को दें।


रिपोर्टर