भिवंडी में अवैध उत्खनन व मिट्टी चोरी, 14.96 लाख रुपये से अधिक का नुकसान
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 25, 2025
- 102 views
भिवंडी। शहर के नारपोली पुलिस स्टेशन की सीमा में अवैध उत्खनन और मिट्टी चोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस प्रकरण में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस अवैध गतिविधि से संबंधित कंपनियों को करीब 14 लाख 96 हजार 500 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता किशोर बंडु पाटील (42), निवासी सुरईगांव, भिवंडी, ने नारपोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि जनवरी 2025 से 24 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात व्यक्ति अथवा व्यक्तियों ने कंपनी की अनुमति के बिना मोटर डंपर की मदद से अवैध रूप से मिट्टी और मुरूम का उत्खनन कर चोरी की।यह घटना भिवंडी तालुका के अंजुर, सारंग, सुरई, भंडारी और वेले गांव की सीमा में स्थित लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड, उसकी सहयोगी कंपनी मैक्रोटेक डेवलपर्स लिमिटेड तथा अजितनाथ हायटेक प्रा. लि. की मालिकी वाली जमीन पर घटित हुई है।शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोरों द्वारा लगभग 20,400 ब्रास मिट्टी और मुरूम की चोरी की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 14.96 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस अवैध उत्खनन से कंपनियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।नारपोली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक गणेश लक्ष्मी रंगनाथ वडणे कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस चोरी में कौन-कौन शामिल है और अवैध रूप से निकाली गई मिट्टी और मुरूम को कहां बेचा गया।पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध उत्खनन और मिट्टी चोरी के मामलों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए है।


रिपोर्टर