सवा साल पुराने समर राजभर हत्याकांड का फरार आरोपी धरमू राजभर गिरफ्तार

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर--  जिले की चैनपुर थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अनुमंडल में सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार, 4 जनवरी 2026 को चैनपुर थानाध्यक्ष ने चाँद थाना क्षेत्र के भरारी गाँव से अभियुक्त धरमू राजभर को दबोच लिया। घटना 8 अक्टूबर 2024 की है, जब चैनपुर थाना क्षेत्र के उदयरामपुर निवासी रामबिलास राजभर का 46 वर्षीय पुत्र समर राजभर अपनी भैंस खोजने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। लापता होने के तीन दिन बाद, 11 अक्टूबर 2024 को उसका शव अमवावाली ढाब के पास एक नाले से संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। मृतक के पिता रामबिलास राजभर के बयान के आधार पर चैनपुर थाना में कांड संख्या 375/24 दर्ज की गई थी। इसमें उदयरामपुर निवासी सेवा राजभर, जयनाथ राजभर और धरमू राजभर (पिता तेजु राजभर) को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। हत्या के बाद से ही तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए राज्य से बाहर छिपे हुए थे।

पुलिस इस मामले में फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में बीते 24 दिसंबर 2025 को एक आरोपी सेवा राजभर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। अब दूसरे आरोपी धरमू राजभर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीसरे अभियुक्त की तलाश में जुट गई है। गिरफ्तार धरमू राजभर को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट