भिवंडी मनपा चुनाव में कांग्रेस बनी सबसे बड़ी पार्टी, 53.43 प्रतिशत मतदान दर्ज

भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका चुनाव के नतीजों में कांग्रेस पार्टी ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 90 में से 30 सीटों पर विजय हासिल की है और वह भिवंडी मनपा में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, लेकिन सबसे अधिक सीटें मिलने से उसकी स्थिति मजबूत मानी जा रही है।

चुनाव परिणामों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) और शिवसेना (शिंदे गुट) को 12-12 सीटें मिली हैं। समाजवादी पार्टी ने 6 सीटों पर कब्जा जमाया है, जबकि कोर्णाक विकास आघाड़ी को 4 और भिवंडी विकास आघाड़ी (एकता मंच) को 3 सीटें प्राप्त हुई हैं। इसके अलावा 1 सीट पर एक निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है।

वहीं दूसरी ओर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट), आम आदमी पार्टी, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM), रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (एकतावादी), पीस पार्टी, लोकहिंद पार्टी, वंचित बहुजन विकास आघाड़ी और जय हिंद सेना का इस चुनाव में खाता तक नहीं खुल सका।

गौरतलब हो कि 90 सीटों के लिए कुल 438 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से 121 उम्मीदवार निर्दलीय के रूप में चुनावी मैदान में उतरे थे। इतने अधिक प्रत्याशियों के कारण मुकाबला काफी रोचक और बहुकोणीय रहा।

15 जनवरी को हुए मतदान में कुल 6,69,033 मतदाताओं में से 3,57,485 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 1,95,600 पुरुष, 1,61,840 महिलाएं और 45 अन्य मतदाता शामिल थे। कुल मिलाकर देर रात तक 53.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसे औसत मतदान प्रतिशत माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि त्रिशंकु सदन की स्थिति में अब महापौर पद और स्थायी समिति के गठन को लेकर जोड़-तोड़ की राजनीति तेज हो सकती है। आने वाले दिनों में गठबंधन और समर्थन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट