भिवंडी में टोरेंट पॉवर का अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण, कर्मचारियों को आपातकालीन तैयारी का पाठ

भिवंडी। राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह (14 से 20 अप्रैल) के अवसर पर टोरेंट पॉवर लिमिटेड, भिवंडी ने अपने परिसर में कर्मचारियों के लिए व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की उनकी क्षमता को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम का संचालन भिवंडी निजामपुरा शहर महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मियों द्वारा किया गया। अग्निशमन केंद्र प्रभारी नरेंद्र बावने के नेतृत्व में टीम ने अपने अनुभवों के आधार पर कर्मचारियों को व्यावहारिक जानकारी दी। सत्र के दौरान आग से बचाव के उपाय, औद्योगिक क्षेत्रों में संभावित जोखिम और आपात स्थिति में सही कदम उठाने के तरीकों पर विस्तार से मार्गदर्शन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य आकर्षण अग्निशमन उपकरणों का लाइव प्रदर्शन रहा। अधिकारियों ने आग की विभिन्न श्रेणियों की जानकारी देते हुए फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग का प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने इसमें सक्रिय भागीदारी दिखाई और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रियाओं को व्यवहारिक रूप से समझा।कार्यक्रम में टोरेंट पावर भिवंडी के वरिष्ठ अधिकारी, उपाध्यक्ष, महाप्रबंधक सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। कंपनी ने इस पहल के माध्यम से कार्यस्थल पर सुरक्षा और कर्मचारियों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह जागरूकता कार्यक्रम कर्मचारियों के लिए उपयोगी और प्रभावशाली साबित हुआ। राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत टोरेंट पावर के अन्य कार्यालयों में भी इसी तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे संगठन में सुरक्षा और तत्परता की संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट