भिवंडी-कल्याण मेट्रो प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार, भुयारी मार्ग को मंजूरी बढ़ेगा कनेक्टिविटी नेटवर्क

भिवंडी। लंबे समय से चर्चा में रहे ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो रेल परियोजना को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। महाराष्ट्र सरकार ने इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट के भिवंडी-कल्याण खंड के लिए अतिरिक्त निधि को मंजूरी देते हुए निविदा प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में बुधवार (22 अप्रैल) को मुंबई में मंत्रिमंडल की उपसमिति की बैठक में प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई। भिवंडी पूर्व के सपा विधायक रईस शेख ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मेट्रो परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की परिकल्पना वाले इस प्रोजेक्ट के तहत ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो लाइन-5 के दूसरे चरण को विशेष रूप से मंजूरी दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के तहत धामणकर नाका से दुर्गाड़ी चौक के बीच करीब 10.475 किलोमीटर लंबा मार्ग विकसित किया जाएगा, जिसमें धामणकर नाका से साईबाबा नाका तक का हिस्सा भुयारी (अंडरग्राउंड) होगा। इस हिस्से में कुल 6 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें से एक स्टेशन पूरी तरह भूमिगत रहेगा। इसके अलावा मेट्रो लाइन-5ए के तहत दुर्गाड़ी–आधारवाड़ी–खडकपाड़ा–कल्याण और भोईरवाड़ी–उल्हासनगर तक विस्तार की भी योजना है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 7,326 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले इस परियोजना की कुल लागत 8,416 करोड़ रुपये आंकी गई थी, लेकिन समयावधि बढ़ने के कारण लागत में और इजाफा होने की संभावना है। पहले चरण में ठाणे से भिवंडी के बीच 11.900 किलोमीटर लंबा मार्ग तैयार किया जाएगा, जिसमें 6 स्टेशन शामिल होंगे। इस चरण पर करीब 6,741 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विधायक शेख ने बताया कि इस परियोजना के लिए वे शुरुआत से ही प्रयासरत थे, जिसके चलते अब सरकार ने इसे प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मेट्रो निर्माण के साथ-साथ इस मार्ग पर मौजूद संकरे उड्डाण पुलों को हटाकर चार लेन के नए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। इसके लिए महानगरपालिका द्वारा जल्द ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी शुरू किया जाएगा।इस परियोजना के पूरा होने के बाद ठाणे, भिवंडी और कल्याण के बीच यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट