ट्रांसफार्मर जलने से नलजल योजना ठप, पानी संकट से जूझ रहे ग्रामीण
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 04, 2026
- 3 views
भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
संवाददाता रूपेश कुमार दूबे की रिपोर्ट
कैमूर--- जिले के कुदरा प्रखंड अंतर्गत छोटका रामडीहरा गांव में ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पेयजल संकट गहरा गया है। ट्रांसफार्मर खराब होने से गांव में संचालित नलजल योजना पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे ग्रामीणों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बढ़ती गर्मी और तेज तापमान के बीच जल संकट ने ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दो दिनों से छोटका रामडीहरा गांव में ट्रांसफार्मर जला हुआ है, लेकिन अब तक इसे बदलने या मरम्मत कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण नलजल योजना बंद पड़ी है और लोगों को पीने तथा दैनिक उपयोग के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
गांव के लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में पानी की किल्लत ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों में इस समस्या को लेकर आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग समस्या से अवगत होने के बावजूद मूकदर्शक बना हुआ है। कई बार सूचना देने के बाद भी अब तक कोई अधिकारी या कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा नलजल योजना को पुनः चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन और बिजली विभाग ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लेते हैं और लोगों को जल संकट से राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।


रिपोर्टर