शादी की जिद में 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी युवती, प्रेमी ने भी पहुंचकर भरी मांग
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Nov 15, 2026
- 1 views
साढ़े चार घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा, प्रभारी निरीक्षक, अग्निशमन टीम और नायब तहसीलदार ने संभाला मोर्चा
बरसठी (जौनपुर)। प्रेमी से शादी करने की जिद में रविवार की सुबह एक 19 वर्षीय युवती करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी भी टावर पर चढ़ गया और युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद दोनों सकुशल नीचे उतर आए। पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार कसेरवा गांव निवासी नेहा गौतम (19) इन दिनों बरसठी क्षेत्र के महुआरी गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी। रविवार सुबह करीब पांच बजे वह घर से निकली और लगभग एक किलोमीटर दूर बारिगांव पहुंचकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ने के बाद उसने खुद फोन कर परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के साथ बरसठी पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने फोन के माध्यम से युवती को काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने प्रेमी अभिजीत गौतम (22) से शादी कराने की मांग पर अड़ी रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन सेवा प्रभारी अनिल कुमार यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह ने भी पहुंचकर युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। प्रेमी की मां रेखा देवी और अभिजीत ने भी उसे काफी समझाया, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही। आखिरकार प्रेमी अभिजीत भी टावर पर चढ़ गया और वहीं युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद दोनों नीचे उतर आए।
बताया जाता है कि दोनों के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के घरों की दूरी महज 100 मीटर बताई जा रही है। रिश्ते में दोनों चचेरे चाचा-भतीजी लगते हैं। करीब छह महीने पहले भी शादी को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इसके बाद युवती को उसके ननिहाल भेज दिया गया था। अभिजीत बीएड का छात्र है, जबकि नेहा कक्षा 12वीं में पढ़ती है। फिलहाल पुलिस दोनों को थाने ले जाकर मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


रिपोर्टर