बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे बेटे के सामने मां की दर्दनाक मौत, कार ने बाइक को कुचला
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Nov 15, 2026
- 1 views
18 नवंबर को होनी थी बेटी की शादी, भदोही से निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहे थे मां-बेटे, हादसे के बाद कार चालक फरार
रामपुर (जौनपुर)। घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। आगामी 18 नवंबर को बेटी के हाथ पीले होने थे। परिवार के लोग शादी की खुशियों में डूबे हुए थे और रिश्तेदारों के यहां निमंत्रण कार्ड बांटने में जुटे थे। लेकिन किसे पता था कि जिस मां के हाथों बेटी की शादी की तैयारियां पूरी होनी थीं, वही मां रास्ते में मौत का शिकार हो जाएगी। एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मां की आंखों के सामने नहीं, बल्कि बेटे सचिन के सामने उसकी मां की जिंदगी छिन गई।
जानकारी के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र के कुंभापुर गांव निवासी निर्मला पत्नी स्वर्गीय राजमनि गौतम अपने पुत्र सचिन के साथ भदोही से बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान रामपुर सेमुही मोड़ के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निर्मला सड़क पर गिर पड़ीं। आरोप है कि कार चालक उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों को सूचना देने के साथ ही महिला को तत्काल उपचार के लिए मड़ियाहूं स्थित एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटे के सामने उजड़ गई मां की जिंदगी
मृतका के पुत्र सचिन ने बताया कि आगामी 18 नवंबर को उसकी बहन की शादी होनी है। इसी सिलसिले में वह अपनी मां के साथ भदोही में रिश्तेदारों और परिचितों के यहां शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने गया था। कार्ड वितरित करने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। देखते ही देखते शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में कुछ दिनों बाद बेटी की डोली उठनी थी, वहां मां की मौत से चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
इस संबंध में रामपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना में शामिल कार का नंबर यूपी 62 डीजे 7555 बताया गया है। पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर कार और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से कुंभापुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार में जहां बेटी की शादी को लेकर खुशियों का माहौल था, वहीं अब मां की असमय मौत से हर आंख नम है।


रिपोर्टर