रामपुर में रोजगारपरक प्रशिक्षण अकादमी का भव्य शुभारंभ, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Nov 15, 2026
- 1 views
नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद जायसवाल ने फीता काटकर किया उद्घाटन, 75 युवाओं को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
रामपुर (जौनपुर)। क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नगर पंचायत रामपुर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। रविवार को रामपुर में फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी अकादमी का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। अकादमी के शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त करने का स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद जायसवाल ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल शैक्षिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास व्यावहारिक ज्ञान, अंग्रेजी बोलने की क्षमता, तकनीकी जानकारी और बेहतर संवाद कौशल होना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह अकादमी युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ उन्हें रोजगार के योग्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस तरह की पहल से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने अकादमी संचालकों को इस सराहनीय प्रयास के लिए बधाई भी दी।
अकादमी में 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां युवाओं को नौकरी तलाशने के तरीके, साक्षात्कार की तैयारी, अंग्रेजी बोलने एवं संवाद करने का कौशल, व्यक्तित्व विकास, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और इंटरनेट के बेहतर उपयोग की जानकारी दी जाएगी। अकादमी में कुल 75 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं के अंदर आत्मविश्वास विकसित करना, उनकी कार्यक्षमता बढ़ाना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।
खास बात यह है कि अब रामपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण हासिल करने के लिए दूर-दराज के शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही उन्हें आधुनिक तकनीक और रोजगार से जुड़ी आवश्यक जानकारियां मिल सकेंगी। इससे युवाओं को अपने कौशल को निखारने और भविष्य में बेहतर अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में अकादमी की प्रबंधक स्वाती शुक्ला, ब्रांच टीचर तनवीर अली, रवि यादव, प्रियांशु दीक्षित, आशुतोष दुबे सहित नगर पंचायत के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अकादमी के शुभारंभ से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इसे रामपुर क्षेत्र के विकास और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय पहल बताया।


रिपोर्टर