छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें लगातार मुस्तैद


रोहतास। छठ महापर्व के अवसर पर जिले में श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। जिलाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण छठ घाटों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) एवं राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें लगातार ड्यूटी पर तैनात रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं।


जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से नदियों, नहरों, तालाबों एवं अन्य जलाशयों के किनारे स्थित छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मुस्तैद हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना अथवा आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।


जलाशयों एवं घाटों पर विशेष सतर्कता


जिले के प्रमुख एवं संवेदनशील छठ घाटों पर आपदा प्रबंधन की दृष्टि से विशेष निगरानी रखी जा रही है। एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के प्रशिक्षित जवान संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं की आवाजाही, जलस्तर एवं घाटों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए बचाव दलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।


इसके अतिरिक्त, स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित गोताखोरों की भी विभिन्न घाटों पर प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिला प्रशासन द्वारा जिले के कुल 205 छठ घाटों पर स्थानीय गोताखोरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।


प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय


जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं संबंधित पदाधिकारी छठ घाटों पर सुरक्षा एवं व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों का स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस बल के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।


घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षित आवागमन एवं आवश्यक सुरक्षा इंतजामों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने तथा निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही अर्घ्य देने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।


जिलाधिकारी की श्रद्धालुओं से अपील


जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने जिलेवासियों एवं छठ व्रतियों से अपील की है कि छठ महापर्व के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही पूजा-अर्चना एवं अर्घ्य अर्पित करें। गहरे पानी में जाने, बैरिकेडिंग पार करने तथा किसी भी प्रकार का जोखिम लेने से बचें। छोटे बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा उन्हें अकेले जलाशयों के समीप न जाने दें।


जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं आपदा प्रबंधन टीमों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।


जिला प्रशासन रोहतास सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों, पुलिस बल एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों की सतत तैनाती से छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट