छठ महापर्व के तीसरे दिन घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, व्रतियों ने भगवान सूर्य को दिया अर्घ्य
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 16, 2026
- 1 views
सड़क से लेकर नदी और सरोवरों तक दिखा श्रद्धालुओं का उत्साह, स्वयंसेवी संस्थाओं ने छठ सामग्री वितरित कर की सेवा
ब्यूरो चीफ प्रकाश कुमार की रिपोर्ट
गयाजी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन गयाजी में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर की सड़कों से लेकर नदी, सरोवरों और विभिन्न छठ घाटों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छठ व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की।
इस दौरान छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। पूरा वातावरण छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से भक्तिमय बना रहा। वहीं, पर्व के अवसर पर विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की ओर से सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं के बीच फल, सूप, नारियल, गन्ना, धूप, कपूर सहित पूजन सामग्री का वितरण किया गया। स्वयंसेवियों ने श्रद्धालुओं की सेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महापर्व के दौरान गयाजी में चारों ओर भक्ति, आस्था और सामाजिक समरसता का माहौल देखने को मिला।


रिपोर्टर