छठ महापर्व की खुशियों के बीच पसरा मातम, पोखरे में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत

चैनपुर के दुलहरा गांव में हुआ दर्दनाक हादसा, काफी मशक्कत के बाद पोखरे से निकाला गया शव; परिवार में मचा कोहराम

संवाददाता सिगासन सिंह यादव की रिपोर्ट 

चैनपुर (कैमूर)------- लोक आस्था के महापर्व छठ की खुशियों के बीच कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत दुलहरा गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। पोखरे में डूबने से 17 वर्षीय किशोर शिवम पटेल की मौत हो गई। मृतक की पहचान दुलहरा निवासी संतोष पटेल के पुत्र शिवम पटेल के रूप में हुई है। इस घटना के बाद जहां एक ओर छठ पर्व को लेकर गांव में उत्साह और श्रद्धा का माहौल था, वहीं दूसरी ओर किशोर की मौत से परिवार में मातम छा गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छठ महापर्व के दौरान शिवम पोखरे के पास गया हुआ था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और डूबने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पोखरे में उतरकर उसकी तलाश शुरू की।

काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से शिवम को पोखरे से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उसे नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, परिजनों को पूरी संतुष्टि नहीं होने पर वे उसे सदर अस्पताल भभुआ भी लेकर पहुंचे।

इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छठ महापर्व के पावन अवसर पर घर में जहां खुशियों का माहौल होना चाहिए था, वहां अचानक मातम पसर गया। शिवम की असमय मौत से परिवार के साथ-साथ गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट