सीधी कलेक्टर ने किया धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण अनियमित आपरेटर को हटाने के दिये निर्देश

सीधी से संतोष जायसवाल की रिपोर्ट

सीधी ।। कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने शुक्रवार को धान खरीदी केन्द्रों चितांग, अमिलिया, अमिरिती, बमुरी एवं बघोर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होने निर्देशित किया है कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो। उनके बैठने, पेयजल, रात्रि में अलाव आदि की व्यवस्था दुरूस्त रखी जाये। कलेक्टर श्री चौधरी ने स्पष्ट किया है कि खरीदी केन्द्रों में अनियमितता की शिकायत पाये जाने और जांच उपरान्त दोषी पाये जाने पर कड़ी दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी।

चितांग खरीदी केन्द्र के भ्रमण के दौरान आपरेटर की गम्भीर शिकायतों एवं अनियमितताओं को देखते हुये कलेक्टर श्री चौधरी ने आपरेटर को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर वहाँ आपरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को खरीदी केन्द्र के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री चौधरी ने सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को खरीदी केन्द्रों के नियमित भ्रमण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अनियमितता पाए जाने पर सम्बन्धित अधिकारियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर चौधरी ने निर्देश दिए हैं कि किसानों को खरीदी हेतु एस.एम.एस. द्वारा सूचित करें। किसानों के आने के क्रम में ही उनसे खरीदी की जायें। कलेक्टर ने खरीदी केन्द्रों में तौल कांटे एवं मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं जिससे किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़े। कलेक्टर ने बारदानों की समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा खरीदे गए धान का समय से उठाव करने के भी निर्देश दिए हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट