हड़ताल तो खत्म लेकिन डाक्टर दिखे नदारद
- राजेश कुमार शर्मा, उत्तर प्रदेश विशेष संवाददाता
- Oct 05, 2018
- 504 views
वाराणसी : शुक्रवार को मंडलीय अस्पताल में डॉक्टरों ने हड़ताल तो नहीं किया लेकिन आधे से ज्यादा डॉक्टर ओपीडी से नदारद थे। इलाज कराने आये मरीज सुबह 8 बजे से 10 बजे तक डॉक्टरों के आने का इंतजार करते रहे। लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो वह एसआईसी के पास शिकायत करने चले गये। लेकिन उसके बाद भी व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।
ओपीडी के नये भवन में ओपीडी के 14 डॉक्टरों में से महज 4 ही नजर आये। अन्य डॉक्टर अस्पताल में उपस्थित तो थे लेकिन उन्होंने ओपीडी का रूख नहीं किया। सूत्रों का कहना है कि दो दिनों तक चले घटनाक्रम के बाद डॉक्टरों के विचारों में अलगाव हो गया है। आधे डॉक्टर सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं तो आधे प्रशासन की अब तक की कार्रवाई से संतुष्ट हैं। ऐसे में विरोध वाले डॉक्टर ओपीडी में न आकर अपना विरोध जता रहे हैं।
इस संबंध में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि हड़ताल या कार्य बहिष्कार जैसी कोई स्थिति नहीं है। सभी डॉक्टर उपस्थित थे। जो ओपीडी में नहीं मिला वह वार्ड या इमरजेंसी में मरीज देख रहा होगा। अस्पताल में दो दिन पहले एक मरीज की मौत पर परिजनों ने डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ मारपीट के बाद अस्पताल में हड़ताल हो गया था। पहले दिन चार और दूसरे दिन दो घंटे तक हड़ताल किया गया था। प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त कर दिया गया है लेकिन चिकित्सा व्यवस्था अब भी प्रभावित हो रही है।
रिपोर्टर