पडघा गोलीबारी कांड में मुंबई पुलिसकर्मी गिरफ्तार

ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में कर्ज में डूबा पुलिसकर्मी से बना चोर

भिवंडी।। तालुका के पडघा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में गोलीबारी की घटना में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। ​​चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार हमलावर मुंबई पुलिस बल का जवान है। जो ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में कर्ज में डूबा था और अपने सर्विस रिवॉल्वर से इस गोलीबारी कांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने हमलावर पुलिस कर्मी सूरज देवराम ढोकरे को हिरासत में लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार 13 अक्टूबर को अंबाडी वाशिंद रोड पर पाइपलाइन के पास मौदे गांव के सीमा में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों पर गोलीबारी की घटना हुई थी। इस गोलीबारी कांड में विरार पूर्व चंदनसार के रहने वाले फिरोज रफीक शेख (27) और अजीम असलम सय्यद (30) गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। पडघा पुलिस ने मामला दर्ज किया था और घटना की गंभीरता को देखते हुए गणेशपुरी उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रशांत ढोले, शाहपुर उपविभागीय पुलिस अधिकारी मिलिंद शिंदे, पडघा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय साबले, स्थानीय अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस सुरेश मनोरे,पडघा पुलिस थाना के सहायक पुलिस निरीक्षक नितिन मुदगन, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस उपनिरीक्षक महेश कदम, कसारा पुलिस स्टेशन सागर जाधव के नेतृत्व में पडघा, कसारा पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा की विभिन्न टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच में निष्कर्ष निकला की लूट के इरादे से यह घटना हुई है। 

गोपनीय सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच करने पर पता चला कि हमलावर अहमदनगर नासिक बस से भाग रहा है। अहमदनगर पुलिस की मदद से बस में सवार एक संदिग्ध को हथियार के साथ हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ करने पर पता चला कि वह मुंबई पुलिस फोर्स में कार्यरत 37 वर्षीय सूरज देवराम ढोकरे है।पुलिस ने आगे जांच की तो पता चला कि वह विभिन्न बैक व पतपेढी से 40 से 42 लाख रूपये कर्ज लिया है। कर्ज के हफ्ते रुकने पर वह चोरी व लूट करने का मार्ग अपना लिया था। भिवंडी व अंबाडी परिसर में गिरफ्तार आरोपी इसके पूर्व भी दो बार आ चुका था। पडघा पुलिस इसकी जांच कर रही है कि क्या इसके पूर्व भी इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया है या और कोई अपराध किया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट