
बेखौफ बदमाशों ने पत्रकार के बेटे व पत्नी को मारा चाकू
- अरविंद मिश्रा 'निर्भीक'
- May 30, 2024
- 374 views
पुरानी रंजिश में किया हमला, सभी है तड़ीपार
उल्हासनगर : शहर में बदमाशों का आतंक चरम पर पहुंच गया है और पुलिस प्रशासन से जिस सख्त कार्रवाई की जनता को उम्मीद है उस पर पुलिस अब तक खरी साबित नही हो पा रही है। ताजा मामले में एक अखबार के संपादक के घर मे घुसकर उसकी पत्नी व बेटे पर चाकू से हमला करने का मामला प्रकाश में आया है।
कल्याण मुरबाड रोड़ पर सीमा रिसोर्ट के पीछे आपकी जंग अखबार के संपादक मुन्ना मियां का घर है। बुधवार रात करीब पौने आठ बजे तीन शातिर बदमाश जिनका नाम हर्षल इंगले, अर्जुन जेडिया व अक्षय जाधव है व इनके साथ अन्य अपराधी किस्म के लड़के मुन्ना मियां के घर मे घुस गए और मुन्ना के लड़के नेहाल व उनकी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में नेहाल बुरी तरह घायल हो गया जिसे उल्हासनगर के कैंप 3 में स्थित मध्यवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में जो पहले की रंजिश है वह यह है कि कुछ दिनों पूर्व आरोपियों में से एक चाल के किसी लड़के की पिटाई कर रहा था जिसके कारण चाल के लोगों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी थी। उसमें संपादक के लड़के पर आरोपियों को शक था। इसी शक के चलते उन्होंने आज इस घटना को अंजाम दिया है। इस घटना में एक वैगन आर कार का भी उपयोग हुआ है जो किसी मिश्रा के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है।
खबर लिखे जाने तक टिटवाला पुलिस द्वारा आरोपियों पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू थी। उपरोक्त बदमाशों के संबंध में बताया जा रहा है कि सभी तड़ीपार हैं। यह जानते हुए की घटना का अंजाम बुरा हो सकता है यह इतने बेखौफ हैं कि पत्रकार के घर मे घुस कर हमला कर रहे हैं। तड़ीपार होने के बावजूद पुलिस की सख्त निगाह न होने के कारण ऐसे अपराधी खुलेआम चाकूबाजी कर रहे हैं।
रिपोर्टर