गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान पथराव पुलिस ने किया लाठीचार्ज

भिवंडी। पूरे राज्य में गणेशोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। वही पर भिवंडी में गणेश विसर्जन के दौरान अज्ञात लोगों द्वारा गणेश मूर्ति पर पथराव करने से कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी.हालांकि स्थानीय पुलिस व दंगल नियंत्रण पुलिस ने लाठी चार्जकर स्थिति संभाल ली है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 

बतादें कि मंगलवार दोपहर 3 बजे से शहर में गणेश विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ था। ढोल तासे व बाजे के साथ गणेश भक्त विसर्जन यात्रा निकाल रहे थे.लेकिन घुंघट नगर, सुन्दर बेनी कंपाउड में स्थापित हनुमान मित्र मंडल के गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान वंजारपट्टी नाका पर अज्ञात लोगो द्वारा पथराव की घटना के बाद कुछ देर के लिए पूरे इलाके में तनाव फैल गया। गणेश प्रतिमा पर पथराव से नाराज गणेश भक्तों ने बीच सड़क पर बैठकर धार्मिक नारे बाजी शुरू कर दी। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय भाजपा विधायक महेश चौघुले, आर.एस.एस.के राजेश कुंटे,बजरंग दल के संदीप भगत,दादा गोसावी समेत कई हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों का जमावड़ा हुआ। इस दरमियान दोनों समुदायों में बहस बाजी और छुटपुट मारपीट भी हुई।जिसकी जानकारी मिलने पर सहायक आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले,विनायक देशमुख,पुलिस उपायुक्त श्रीकांत परोपकारी,पराग म्हणेरा सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी,अतिरिक्त पुलिस व दंगा नियंत्रण दल मौके पर पहुंचे और मौके पर तनाव बढ़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज किया जिसमें कई नागरिक जख्मी हुए। वही पर एक पुलिस कर्मी भी घायल है। सहायक पुलिस आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण ने बताया कि घटना के बाद शहर में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। देर रात से ही मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। 

इस घटना क्रम के बाद रात भर इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना है लेकिन सुबह होने के बाद स्थिति सामान्य हो गयी है।जनजीवन सुचारू रूप से चल रहा है और आज शाम ईद-ए-मिलाद-उन-नबी त्योहार के मौके पर यहां से मुसलमानों का एक भव्य जुलूस निकलने वाला है, जिसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट