
सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से घट रहा गंगा का जलस्तर
- राजेश कुमार शर्मा, उत्तर प्रदेश विशेष संवाददाता
- Sep 20, 2024
- 210 views
वाराणसी : गंगा के जलस्तर में धीमी गति से गिरावट शुरू हो गई है। जलस्तर में गिरावट के बाद भी शहर से लेकर गांव तक दुश्वारियां बरकरार हैं। जिला प्रशासन ने आम जनता की सहूलियत के लिए गुरुवार को बाढ़ राहत शिविर की संख्या 16 से बढ़ाकर 17 कर दी है। 17 शिविरों में 388 परिवार के 2301 लोगों ने शरण ले रखी है।
केंद्रीय जल आयोग की बाढ़ बुलेटिन के अनुसार सुबह 10 बजे गंगा का जलस्तर 70.40 मीटर दर्ज किया गया। गंगा के जलस्तर में दो सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गिरावट हो रही थी। दोपहर में इसमें आधा सेंटीमीटर की कमी आई और जलस्तर 1.5 सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से नीचे उतर रहा था।
शाम को फिर से जलस्तर में दो सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से घटाव होने लगा। शाम को छह बजे गंगा का जलस्तर 70.28 मीटर पहुंच गया और रात आठ गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर से दो सेंटीमीटर नीचे 70.24 मीटर पहुंच गया। बीते 24 घंटे में पानी 26 सेंटीमीटर नीचे उतरा है।
पानी भले कम हो रहा है, लेकिन दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। खासकर निचले इलाकों की आबादी के लिए परेशानी अब भी बनी हुई है। गंगा के तराई इलाकों और वरुणा किनारे रहने वाले दिन-रात जागकर तनाव में बिता रहे हैं। जलस्तर घटने के बाद कॉलोनियों, सड़कों और घरों में जमी गाद की सफाई करने के लिए लोग परेशान होने लगे हैं। बाढ़ का पानी कॉलोनियों के खाली प्लॉट में भरने के कारण तेज बदबू उठने लगी है। नगर निगम की टीम भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार साफ-सफाई करने के साथ फॉगिंग और दवाओं का छिड़काव कर रही है।
एडीएम वित्त वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल कैंप में बाढ़ पीड़ितों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। अब तक 1353 पैकेट ओआरएस एवं 9285 क्लोरिन टैबलेट का वितरण किया गया है। इसके साथ ही 655 लोगों का उपचार किया गया है।
रिपोर्टर