
भिवंडी में कुत्ते के काटने से एक और मौत, 20 वर्षीय युवक ने तोड़ा दम
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 03, 2024
- 333 views
भिवंडी। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक तेजी से बढ़ता जा रहा है। पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते शहर में आवारा कुत्तों की संख्या में भारी इज़ाफा हुआ है। हाल ही में कुत्ते के काटने से घायल हुए 20 वर्षीय युवक की मुंबई के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर से भिवंडी में आवारा कुत्तों के मुद्दे को उभार दिया है, और पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा है।
मृतक युवक की पहचान अलस कुरेशी (20), निवासी कसाईवाड़ा, निजामपुरा के रूप में हुई है। पिछले महीने अलस को एक आवारा कुत्ते ने काट लिया था। जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भिवंडी नि.शहर महानगर पालिका प्रशासन का कुत्तों की नसबंदी केंद्र कई वर्षों से बंद पड़ा है और अब प्रशासन ने इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की है। हालांकि शहर में आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। सितंबर महीने में ही कुत्तों के काटने के 651 मामले सामने आए हैं। इससे पहले 25 अगस्त को चार वर्षीय बच्ची लायबा शेख की कुत्ते के काटने से मौत हो चुकी है। शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे और प्रशासन की लापरवाही के कारण नागरिकों में गहरी नाराजगी है।
रिपोर्टर