छत्रपति शिवाजी महाराज का आशीर्वाद लेकर विलास आर.पाटिल का भव्य शक्ति प्रदर्शन

हजारों समर्थकों के साथ किया पर्चा दाखिल


भिवंडी। 136 भिवंडी पश्चिम विधानसभा सीट पर आगामी चुनाव का माहौल बेहद गरमा गया है। जैसे ही कांग्रेस पार्टी ने दयानन्द चोरघे को उम्मीदवार घोषित किया। भिवंडी के पूर्व महापौर और राजनीति के दिग्गज, विलास आर. पाटिल ने चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया। सोमवार को पाटिल ने छत्रपति शिवाजी महाराज का आशीर्वाद लिया और शिवाजी चौक से लेकर कामतघर तक विशाल रैली निकाली। हजारों समर्थकों का हुजूम इस रैली में शामिल हुआ। जिसमें मुस्लिम, हिन्दू, गुजराती और स्थानीय मराठा समुदायों की भारी भागीदारी देखी गई।

विलास आर पाटिल ने रविवार को अजय नगर स्थित अपने कार्यालय में समर्थकों के साथ बैठक की। जहाँ उन्होंने अपने चुनाव लड़ने की मंशा को स्पष्ट किया। पाटिल ने जोश में कहा, "मैं जिद्दी हूँ और जो ठान लेता हूँ, वह करके दिखाता हूँ।" उनके समर्थकों ने उनकी राजनीतिक लोकप्रियता और भिवंडी के हर गली-मोहल्ले में उनकी पहचान को लेकर आशा व्यक्त की। समर्थकों का मानना है कि वर्तमान कांग्रेस उम्मीदवार से बेहतर पाटिल का स्थानीय जनसंपर्क और पकड़ है, जो उन्हें एक मजबूत प्रत्याशी बनाता है।

राजनीतिक गलियारों में "किंग मेकर" के नाम से विख्यात पाटिल का क्षेत्रीय जुड़ाव और उनकी अनुभवशीलता उन्हें स्थानीय मतदाताओं के बीच बेहद लोकप्रिय बनाते है। अगर कांग्रेस उन्हें टिकट नहीं देती, तो पाटिल निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का भी विचार कर रहे है। आगामी चुनावों में यह सीट महत्वपूर्ण मानी जा रही है और पाटिल के मैदान में उतरने से मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।विलास पाटिल के समर्थकों के मुताबिक, इस चुनाव में उनकी उम्मीदवारी एक नई दिशा दे सकती है और उनका स्थानीय जुड़ाव ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट