भिवंडी पश्चिम: रियाज़ आज़मी ने हार को बताया जनता की जीत बदलाव का बिगुल फूंका

भिवंडी। भिवंडी पश्चिम विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार रियाज़ आज़मी ने चुनावी परिणाम के बाद हार को सकारात्मक नज़रिए से देखते हुए इसे "जनता की जीत" करार दिया है। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि इस चुनाव में भले ही परिणाम उनके पक्ष में न रहा हो,लेकिन यह साफ हो गया है कि भिवंडी पश्चिम की जनता बदलाव चाहती है।

रियाज़ आज़मी ने जोर देकर कहा कि पिछले एक दशक से सपा का भिवंडी पश्चिम में कोई ठोस अस्तित्व नहीं था। इसके बावजूद इस चुनाव में 38,879 वोट हासिल करना यह दर्शाता है कि जनता ने उनके प्रयासों और विचारधारा को सराहा है। उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव महज़ एक सीट जीतने की लड़ाई नहीं, बल्कि एक सच्चाई और बदलाव की लड़ाई थी, जो भविष्य के लिए मज़बूत नींव तैयार करेगी। आज़मी ने बिना नाम लिए विरोधियों पर तीखे तंज कसे और कहा कि कुछ लोग वर्षों से जनता को गुमराह कर उनके वोटों का सौदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "भिवंडी में कुछ लोग सिर्फ अपने निजी स्वार्थ और राजनीतिक फायदे के लिए जनता को इस्तेमाल करते आ रहे है। लेकिन इस बार जनता ने उन पर भरोसा नहीं किया।" उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने धार्मिक ध्रुवीकरण के जरिए चुनावी माहौल को खराब करने की कोशिश की। AIMIM पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, "वे सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए आईं और लोगों को गुमराह कर चली गईं।" आज़मी ने स्पष्ट किया कि यह हार अस्थायी है और उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा, "हमारे हौसले बुलंद हैं। हम आगे भी जनता के साथ रहेंगे और उनकी सेवा करेंगे।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान उनके कार्यकर्ताओं पर हमले हुए और प्रशासन ने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया। रियाज़ आज़मी ने भिवंडी की जनता का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वह इस समर्थन को कभी नहीं भूलेंगे.उन्होंने वादा किया कि आगे भी वह इसी जज़्बे के साथ लोगों की सेवा में जुटे रहेंगे। यह चुनाव भले ही हार में समाप्त हुआ हो, लेकिन रियाज़ आज़मी और उनकी टीम ने जनता के दिलों में एक नई उम्मीद जगाई है। उनके समर्थकों का कहना है कि यह हार नहीं, बल्कि बदलाव की शुरुआत है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट