
भिवंडी पालिका की महिला अधिकारी ने जीता मिसेज महाराष्ट्र 2024 का रेडियंस अवार्ड
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 09, 2024
- 1068 views
भिवंडी। भिवंडी-निज़ामपुर शहर महानगर पालिका की महिला अधिकारी श्रीमती सायरा बानो अंसारी ने मिसेज महाराष्ट्र 2024 (सीजन 8) प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम पुणे के ग्रैंड हयात होटल में 1 दिसंबर को आयोजित किया गया था, जिसमें राज्य भर से 50 महिलाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में श्रीमती सायरा बानो अंसारी ने श्रीमती महाराष्ट्र रेडियंस अवार्ड और श्रीमती महाराष्ट्र पब्लिक चॉइस अवार्ड अपने नाम किया। ये अवार्ड उनके आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और अद्वितीय व्यक्तित्व के प्रतीक बने।
पुरस्कार ग्रहण करते हुए श्रीमती सायरा बानो अंसारी ने कहा, "यह मेरे लिए गौरव का क्षण है। इस प्रतियोगिता का हिस्सा बनना सिर्फ एक खिताब जीतने से अधिक था। एक मां, कामकाजी महिला और गृहिणी के रूप में, मैंने इस सफर में अपने कौशल को परखा और खुद को साबित किया। यह पुरस्कार न केवल मेरी व्यक्तिगत जीत है, बल्कि हर उस महिला के सपनों की जीत है, जो अपने सीमाओं से परे जाकर अपने लक्ष्य को पाना चाहती हैं।" उन्होंने आगे कहा, "इस उपलब्धि के लिए मैं अपने परिवार और BNCMC के आयुक्त अजय वैद्य का विशेष आभार व्यक्त करती हूं, जिनका समर्थन मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत रहा। यह यात्रा मेरे लिए समय प्रबंधन और आत्मविश्वास का अद्भुत अनुभव साबित हुई।" भिवंडी शहर पालिका के अजय वैद्य ने इस सफलता पर श्रीमती सायरा बानो अंसारी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "यह उपलब्धि न केवल भिवंडी-निज़ामपुर शहर महानगर पालिका बल्कि पूरे राज्य की महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।" श्रीमती सायरा बानो अंसारी ने मंच पर अपने संदेश में कहा, "सच्ची सुंदरता केवल बाहरी रूप में नहीं होती; यह आत्मविश्वास और साहस के साथ खुद को स्वीकारने में है। इस अनुभव ने मुझे आत्मनिर्भर और प्रेरणादायक बनने का अवसर दिया है।"श्रीमती सायरा बानो अंसारी की इस उपलब्धि ने भिवंडी को गौरवान्वित किया है और यह साबित किया है कि समर्पण और दृढ़ निश्चय से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।
रिपोर्टर