किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का आंदोलन

वाराणसी: किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस आंदोलन शुरू करेगी। 16 जनवरी को राजातलाब में पहली सभा होगी। आंदोलन को सफल बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस सिलसिले में भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष द्वय सुरेंद्र सोलंकी एवं श्याम पांडेय तथा किसान संगठन के समन्वयक आरसी पांडेय ने बुधवार को मैदागिन स्थित कार्यालय में कार्यकताओं के साथ बैठक की और आंदोलन की रणनीति बनाई।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार की कृषि एवं किसान विरोधी नीतियों को वाराणसी के साथ प्रदेश की जनता के बीच रखना इस आंदोलन का उद्देश्य है। खेती और किसानी की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। अन्नदाता बैंकों के कर्ज तले पिसकर आत्महत्या करने को मजबूर हैं। उनकी मेहनत का फल बिचौलिए खा रहे हैं। उनकी तैयार फसलों को किस कदर औने-पौने दाम पर खरीदा जा रहा है। किसानों के अस्तित्व से जुड़े इन सारे प्रश्नों को जन सामान्य के बीच मे ले जाना अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जनवरी में मकर संक्रांति के बाद किसानों के साथ बैठक होगी। फरवरी में किसान सम्मान यात्रा निकाली जाएगी। इस मौके पर पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, महानगर अध्यक्ष सीताराम केशरी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट