वराला तालाब से निकला कचरा पहुंचा मनपा मुख्यालय
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 02, 2025
- 96 views
नागरिकों का अनोखा विरोध प्रदर्शन - गेट पर फेंका कचरा
भिवंडी। शहर के वराला तालाब की बदहाल स्थिति से नाराज़ नागरिकों ने रविवार को अनोखे अंदाज़ में विरोध दर्ज कराया। “हमारा तालाव, हमारी जिम्मेदारी” के नारे लगाते हुए लोगों ने तालाब से निकाले गए कचरे को सीधे भिवंडी महानगरपालिका मुख्यालय के सामने लाकर रख दिया और नगर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस अभियान में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। नागरिकों ने बताया कि वराला तालाब से रोजाना लगभग 2 एमएलटी पानी पीने के लिए लोगों को सप्लाई किया जाता है। इसके बावजूद तालाब की सफाई और रखरखाव को लेकर मनपा प्रशासन पूरी तरह लापरवाह है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह तालाब लंबे समय से गंदगी और ठोस कचरे से अटा पड़ा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाती है, जब तालाब का गंदा पानी आसपास के इलाकों में फैलकर दुर्गंध और मच्छरों की समस्या बढ़ा देता है। नागरिकों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पालिका प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे लोगों में गहरा रोष है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तालाब की सफाई और संरक्षण के लिए तुरंत कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाराला तालाब सिर्फ पानी का स्रोत नहीं, बल्कि शहर की पर्यावरणीय धरोहर है — जिसे बचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मनपा प्रशासन का उदासीन रवैया न केवल नागरिकों की सेहत के लिए खतरा है, बल्कि शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है। यह विरोध प्रदर्शन भिवंडी में नागरिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक सशक्त संदेश बनकर उभरा है।


रिपोर्टर