सोशल मीडिया पर बदनाम करने का मामला

वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल - अज्ञात पर केस दर्ज


भिवंडी। सोशल मीडिया पर एक महिला की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से फर्जी वीडियो बनाकर वायरल करने का सनसनीखेज मामला भिवंडी में सामने आया है। शांतिनगर पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 356(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66(ई) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शिकायत संजय लक्ष्मण बालावलकर निवासी अरीहंत सिटी द्वारा दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 30 अक्टूबर की शाम लगभग 6 बजकर 13 मिनट पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका और उनकी एक महिला सहकर्मी का चेहरा मॉर्फ कर एक वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर प्रसारित किया। वीडियो का उद्देश्य दोनों की छवि धूमिल करना और उन्हें सामाजिक रूप से बदनाम करना था। वीडियो वायरल होने के बाद शिकायतकर्ता की सहकर्मी महिला को मानसिक पीड़ा और अपमान का सामना करना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही शांतिनगर पुलिस ने तुरंत साइबर टीम को जांच में लगाया। जांच की जिम्मेदारी पुलिस निरीक्षक विनोद पाटील को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी जुटा रही है और संबंधित आईपी एड्रेस का पता लगाने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वीडियो को तकनीकी रूप से एडिट कर पेशेवर तरीके से तैयार किया गया था, जिससे वह असली प्रतीत हो रहा था। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने सोच-समझकर यह हरकत की ताकि शिकायतकर्ता और उनकी महिला सहकर्मी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट